तमिल पर्यटन कार्यालय परिसर में मनाया गया पौंगल पर्व

आगरा, दक्षिण भारतीय राज्‍यों में मनाये जाने वाले पौंगल पर्व को ईदगाह रोड स्थित तमिलनाडू पर्यटन कार्यालय परिसर में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्‍यातिथि के रूप में बोलते हुए कहा कि त्‍योहार हमारी संस्‍कृति, सामाजिक सरोकारों का प्रतीक होते हैं, दक्षिण भारतीय राज्‍यों के निवासियों के लिये तो यह अपने आप में महत्‍वपूर्ण है ही किंतु सांस्‍कृतिक आदान प्रदान और राष्‍ट्रीय एकीकरण के दौर में अन्‍यों के लिये भी मकर संक्राति और लोहडी की तरह ही अहम हैं। उन्‍हों ने अच्‍छी फसल और बेहतर जनस्‍वास्‍थ्‍य की कामना भी की।
तमिलनाडू पर्यटन विभाग के पर्यटन अधिकारी एस.आर. अन्‍नासैन्‍नादुराई ने पौंगल की परंपरा और आधुनिक संदर्भों में महत्‍ता पर प्रकाश डाला, उन्‍हों ने बताया कि विविध संसिकृतियों वाले देश में तमिलनाडू की अपने आप में एक विशिष्‍ट पहचान है, जिसे एक पर्यटक के रूप में वहां घूमकर और बेहतर तरीके से जाना जा सकता है। तमिलनाडू पर्यटन विभाग के स्‍थानीय कार्यालय की ओर से टूर और ठहरने के लिये होटल आदि के रिजर्वेशन की सुविधाओं की जानकारी दी।
कु. रंजीता और सोनम ने परिसर में पर्व अनुकूल तमिल परंपरा की रंगोली सजाई, जिसके लिये उन्‍हें पुरुस्‍कृत किया गया। वरिष्‍ठ सहायक पुरातत्‍वविद दीक्षित, भारत पर्यटन कार्यालय के प्रबंधक राम कृष्‍णन, होटल एवं पर्यटन व्‍यवसाई, टूर आपरेटरों के अलावा अनेक स्‍थानीय गणमान्‍य नागरिक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।